gyansanjeevani

‘नारी’। इस शब्द में इतनी ऊर्जा है, कि इसका उच्चारण ही मन-मस्तक को झंकृत कर देता है। इसके पर्यायी शब्द देवी, स्त्री, भामिनी, कांता आदि हैं और इसका पूर्ण स्वरूप मातृत्व में विकसित होता है। नारी, मानव की ही नहीं अपितु मानवता की भी जन्मदात्री है, क्योंकि मानवता के आधार रूप में प्रतिष्ठित सम्पूर्ण गुणों की वही जननी है। जो इस ब्रह्माण्ड को संचालित करने वाले विधाता है, उसकी प्रतिनिधि है नारी। अर्थात् समग्र सृष्टि ही नारी है, इसके इतर कुछ भी नही है। इस सृष्टि में मनुष्य ने जब बोध पाया और उस अप्रतिम ऊर्जा के प्रति अपना आभार प्रकट करने का प्रयास किया तो बरबस मानव के मुख से निकला कि –
त्वमेव माता च पिता त्वमेव
त्वमेव बंधुश्च सखा त्वमेव।
त्वमेव विधा द्रविणं त्वमेव
त्वमेव सर्वं मम देव देव॥
अर्थात हे प्रभु तुम मां हो…।
अक्सर यह होता है कि जब इस सांसारिक आवरण में फंसते या मानव की किसी चेष्टा से आहत हो जाते हैं तो बरबस हमें एक ही व्यक्ति की याद आती है और वह है मां। अत्यंत दुख की घड़ी में भी हमारे मुख से जो ध्वनि‍ उच्चारित होती है वह सिर्फ मां ही होती है। क्योंकि मां की ध्वनि आत्मा से ही गुंजायमान होती है । और शब्द हमारे कंठ से निकलते हैं, लेकिन मां ही एक ऐसा शब्द है जो हमारी रूह से निकलता है।
मातृत्वरूप में ही उस परम शक्ति को मानव ने पहली बार देखा और बाद में उसे पिता भी माना।
इसी की अभिव्यक्ति कालिदास करते हैं कि –
वागार्थविव संप्रक्तौ वागर्थ प्रतिपत्तये।
जगतः पि‍तरौ वन्दे पार्वती परमेश्वरौ ॥ (कुमार संभवम)


जगत के माता-पिता (पि‍तर) भवानी शंकर, वाणी और अर्थ के सदृश एकीभूत है उन्हें वंदन।

इसी क्रम में गोस्वामी तुलसीदास भी यही कहते हैं –
जगत मातु-पितु संभु-भवानी। (बालकाण्ड मानस)
अतएव नारी से उत्पन्न सब नारी ही होते हैं, शारीरिक आकार-प्रकार में भेद हो सकता है परंतु, वस्तुतः और तत्वतः सब नारी ही होते है। संत ज्ञानेश्वर ने तो स्वयं को “माऊली’’ (मातृत्व,स्त्रीवत) कहा है।

कबीर ने तो स्वयं समेत सभी शिष्यों को भी स्त्री रूप में ही संबोधित किया है वे कहते हैं –
दुलहिनी गावहु मंगलाचार
रामचंद्र मोरे पाहुन आये धनि धनि भाग हमार
दुलहिनी गावहु मंगलाचार । – (रमैनी )


घूंघट के पट खोल रे तुझे पीव मिलेंगे
अनहद में मत डोल रे तुझे पीव मिलेंगे । -(सबद
)

सूली ऊपर सेज पिया कि केहि बिधि मिलना होय । – (रमैनी )


जीव को संत कबीर स्त्री मानते हैं और शिव (ब्रह्म) को पुरुष। यह स्त्री–पुरुष का मिलना ही कल्याण है मोक्ष और सुगति है।

भारतीय संस्कृति में तो स्त्री ही सृष्टि की समग्र अधिष्ठात्री है। पूरी सृष्टि ही स्त्री है, क्योंकि इस सृष्टि में बुद्दि, निद्रा, सुधा, छाया, शक्ति, तृष्णा, जाति, लज्जा, शांति, श्रद्धा, चेतना और लक्ष्मी आदि अनेक रूपों में स्त्री ही व्याप्त है। इसी पूर्णता से स्त्रियां भाव-प्रधान होती हैं।

संक्षेप मे कहना हो तो इतना ही कहेंगे नारी यानी हमारा हृदय और हृदय मे स्वयं परमात्मा विराजमान है……. ईश्वर: सर्वभूतानां हृदेष्ये अर्जुन तिष्ठति…….

बस साक्षात ईश्वर स्वरूप है देवी…….

error: Content is protected !!